
नर्मदापुरम / गोल्डन सिलिकॉन सिटी में गणेशोत्सव के अवसर पर आज भक्ति और श्रद्धा से परिपूर्ण 56 भोग महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। सोसायटी द्वारा भगवान श्री गणेश को 56 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे, जिसके बाद विधि-विधान से महाआरती संपन्न होगी।
महाआरती का आयोजन रात्रि 8:30 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर गोल्डन सिलिकॉन सिटी सोसायटी ने नर्मदापुरम जिले के श्रद्धालुओं एवं गणेश भक्तों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने और भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।
सोसायटी पदाधिकारियों ने कहा कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सद्भाव को मजबूत करने का अवसर भी है। महाआरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
सोसायटी की ओर से सभी नागरिकों से परिवार सहित समय पर पहुंचने और 56 भोग महाआरती में सहभागी बनने की अपील की गई है। कार्यक्रम को लेकर कॉलोनीवासियों में भी विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

