
नर्मदापुरम / बैतूल / मध्यप्रदेश में कुर्मी क्षत्रिय समाज की बड़ी समस्या के निराकरण हेतु नर्मदापुरम संभाग का प्रतिनिधि मंडल दिल्ली रवाना हुआ। प्रतिनिधि मंडल रामकृष्ण कुसमरिया अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के नेतृत्व में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति जी से मुलाकात करेगा।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि मध्यप्रदेश में कुर्मी, कुरमी जाति तो पिछड़ा वर्ग में दर्ज है, परंतु हजारों लोगों के जाति प्रमाण पत्रों में कुड़मी लिखा होने के कारण उन्हें अन्य पिछड़ा वर्ग का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसी विसंगति को दूर कर कुड़मी जाति को केन्द्र की सूची में जुड़वाने की मांग को लेकर यह प्रतिनिधि मंडल दिल्ली जा रहा है।
प्रतिनिधि मंडल में युवा कुर्मी क्षत्रिय समाज मध्यप्रदेश के अध्यक्ष तेज कुमार गौर, प्रदेश प्रचार-प्रसार मंत्री सुरेश गौर, जिला अध्यक्ष बैतूल लक्ष्मीकांत वर्मा, जिला अध्यक्ष हरदा नर्मदा प्रसाद गौर, युवा प्रदेश प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी नवील वर्मा, वरिष्ठ समाजसेवी हरी प्रसाद वर्मा, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष भीमराज गौर, जिला उपाध्यक्ष सीताराम पटेल, पूर्व अध्यक्ष बैतूल राधेलाल घनकारे, प्रदेश सचिव अशोक मलैया, जिला महामंत्री कन्हैयालाल वर्मा, जिला सचिव गुलाब सिनोटिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी शामिल हैं। संभाग के अन्य लोग रात्रि में दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

