

नर्मदापुरम / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के लगभग 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आज राजधानी भोपाल के एयरपोर्ट रोड स्थित शासकीय महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश पचौरी के मार्गदर्शन व प्रेरणा से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देने हेतु राष्ट्रीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में स्कूली छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती कुसुम चतुर्वेदी, मंडल अध्यक्ष राजू मीणा सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण की जो रूपरेखा तैयार की जा रही है, उसकी मजबूत नींव और दिशा देश के होनहार विद्यार्थी ही तय कर रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों की सराहना की गई और सभी का आभार व्यक्त किया गया।

