
नर्मदापुरम / सिवनी-मालवा / जैन धर्म के महापर्व पर्युषण पर्व के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रितेश कुमार जैन ने 10 उपवास की कठिन तपस्या कर धर्म के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
पूर्ण संयम और जैन धर्म के विधि-विधान के अनुसार की गई इस तपस्या के दौरान उन्होंने आहार-पानी का त्याग कर आत्मशुद्धि और साधना को प्राथमिकता दी। उनकी इस धर्म आराधना पर नगर के नागरिकों सहित सकल जैन समाज ने सुख मंगलकामनाएं की।
समाजजनों ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहते हुए इस तरह की कठोर साधना करना समाज के लिए प्रेरणा है। उल्लेखनीय है कि अध्यक्ष रितेश कुमार जैन इससे पूर्व भी 11, 9, 8, 7, 3, 2 और 1 उपवास की तपस्याएं कर चुके हैं। पर्युषण के हर वर्ष वे निरंतर धर्म साधना में लीन रहते हैं, जिससे नगर में धार्मिक अनुशासन और सद्भाव का वातावरण बनता है।
जैन समाज के वरिष्ठजनों का कहना है कि अध्यक्ष की यह तपस्या केवल व्यक्तिगत साधना नहीं, बल्कि पूरे नगर के लिए सेवा, संयम और अहिंसा का संदेश है। उपवास की पूर्णाहुति पर नगर में स्वाध्याय, सामूहिक प्रतिक्रमण और क्षमापना के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

