
नर्मदापुरम / पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल अंतर्गत रेल सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट इटारसी और आरपीएफ साइबर सेल भोपाल के संयुक्त एवं त्वरित प्रयासों से ट्रेन यात्रा के दौरान गुम हुआ एक महंगा ओप्पो (OPPO) स्मार्टफोन सफलतापूर्वक बरामद कर उसके मूल स्वामी के सुपुर्द कर दिया गया है।
घटना का विवरण एवं त्वरित कार्रवाई…
दिनांक 12 जून 2026 को ट्रेन संख्या 20845 (बिलासपुर – नागौर एक्सप्रेस) में यात्रा कर रहे यात्री सुमित ठाकरे का काले रंग का ओप्पो मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹23,000/-) इटारसी के समीप गुम हो गया था। इसकी शिकायत यात्री द्वारा ‘रेल मदद’ पोर्टल पर दर्ज कराई गई।
सूचना प्राप्त होते ही इटारसी स्टेशन पर सहायक उप निरीक्षक (ASI) प्रकाश बिल्लोरे एवं स्टाफ द्वारा ट्रेन अटेंड की गई तथा यात्री से आवश्यक जानकारी लेकर CEIR Form (Annexure-A) भरवाकर मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष (DSCR) भोपाल भेजा गया।
CEIR पोर्टल से मिली सफलता….
प्राप्त फॉर्म के आधार पर आरपीएफ साइबर सेल भोपाल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूरसंचार विभाग के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर उक्त मोबाइल को ब्लॉक कर लगातार ट्रैकिंग पर रखा। ट्रैकिंग के दौरान मोबाइल ट्रेस होने पर पता चला कि वर्तमान में उक्त फोन इटारसी निवासी आदित्य घुरेले (उम्र 24 वर्ष) के पास है। साइबर सेल द्वारा संपर्क किए जाने और मोबाइल के गुमशुदा होने की जानकारी दिए जाने पर उक्त व्यक्ति ने 12 सितंबर 2026 को मोबाइल फोन आरपीएफ पोस्ट इटारसी में जमा करा दिया।
मोबाइल बरामद होने की सूचना शिकायतकर्ता को दी गई। दिनांक 21 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता के पिता चंपालाल श्रीकृष्ण ठाकरे (निवासी: अमगांव, जिला गोंदिया, महाराष्ट्र) आरपीएफ पोस्ट इटारसी पहुंचे। उनके द्वारा प्रस्तुत क्रय बिल (Purchase Bill) एवं पहचान पत्र का उचित सत्यापन करने के उपरांत ASI प्रकाश बिल्लोरे द्वारा ₹23,000 की कीमत का ओप्पो मोबाइल फोन उन्हें सही-सलामत अवस्था में सौंप दिया गया। गुम हुआ मोबाइल फोन सुरक्षित वापस मिलने पर यात्री एवं उनके परिजनों ने रेल सुरक्षा बल, भोपाल मंडल की कार्यशैली, तकनीकी दक्षता और तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

