
नर्मदापुरम / गणेशोत्सव के पावन अवसर पर सरोज परवर्ती कॉलोनी में भक्ति, आस्था और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। कॉलोनी में विराजे गणपति बप्पा के दरबार में प्रतिदिन विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक अनुष्ठानों की श्रृंखला चल रही है, जिससे समूचा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।
उत्सव के क्रम में राधा अष्टमी के उपलक्ष्य में पारंपरिक मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं और श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह से भाग लिया। इसके उपरांत रविवार को विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश को विधि-विधान के साथ 56 भोग समर्पित किए गए। छप्पन भोग अर्पण के बाद कॉलोनीवासियों ने सामूहिक रूप से भव्य महाआरती की, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।
यह पूरा धार्मिक महोत्सव वरिष्ठ मार्गदर्शक श्री व्यास एवं आचार्य पंडित हरिओम मिश्रा के सानिध्य व दिशा-निर्देशन में सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। इस गणेशोत्सव का प्रमुख आकर्षण नन्हें-मुन्ने बच्चों की सक्रिय भागीदारी है। बच्चों द्वारा प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं, जो उत्सव में नई ऊर्जा का संचार कर रही हैं। आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में भी विसर्जन तक दैनिक पूजन और कार्यक्रमों का सिलसिला इसी प्रकार जारी रहेगा।

