
नर्मदापुरम / श्री गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल नर्मदापुरम नगर समिति द्वारा शहर के बाजारों में गणेश जी की प्रतिमा विक्रेताओं से विशेष आग्रह किया गया कि प्रतिमा विक्रय के बाद यदि कोई प्रतिमा बच जाती है अथवा किसी कारणवश खंडित हो जाती है, तो उसे इधर-उधर या लावारिस अवस्था में न छोड़ा जाए।
कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा विक्रेताओं से आग्रह किया कि ऐसी प्रतिमाओं को सम्मानपूर्वक एवं व्यवस्थित तरीके से विसर्जित किया जाए। नगर पालिका द्वारा बनाए गए निर्धारित विसर्जन कुंड में प्रतिमा का विसर्जन करें अथवा उचित धार्मिक विधि से नर्मदा मैया में विसर्जन करें। यदि संभव हो तो प्रतिमा को सम्मानपूर्वक अपने घर ले जाकर सुरक्षित रखने का भी आग्रह किया गया।
नगर मंत्री किशोर गौर द्वारा बताया गया कि भगवान श्री गणेश की प्रतिमा हमारे लिए केवल एक प्रतिमा नहीं, बल्कि हमारी श्रद्धा, आस्था और धार्मिक भावनाओं का प्रतीक है। जिस श्रद्धा और भक्ति के साथ हम भगवान श्री गणेश को अपने घरों और पंडालों में विराजमान करते हैं, उसी श्रद्धा और सम्मान के साथ उनकी प्रतिमा का विसर्जन भी किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बची हुई अथवा खंडित गणेश प्रतिमाओं को सड़क किनारे, कचरे के ढेर या किसी अन्य स्थान पर लावारिस अवस्था में छोड़ना उचित नहीं है। ऐसी प्रतिमाओं को नगर पालिका द्वारा बनाए गए निर्धारित विसर्जन कुंड में अथवा उचित धार्मिक विधि से सम्मानपूर्वक विसर्जित किया जाए।
किशोर गौर ने समाज से अपील करते हुए कहा कि गणेश उत्सव केवल उत्सव मनाने का पर्व नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कार और जिम्मेदारी को निभाने का अवसर भी है। हम सभी मिलकर यह सुनिश्चित करें कि भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की गरिमा और सम्मान किसी भी स्थिति में कम न हो।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद जिला सेवा प्रमुख नितिन मेषकर, जिला उपाध्यक्ष पृथ्वीपाल सिंह ठाकुर, नगर उपाध्यक्ष प्रखर राज शर्मा, नगर मंत्री किशोर गौर, नगर सह मंत्री सुरेंद्र साहू, नगर संयोजक राहुल बड़कुर, रामजीवन बकोरिया, नगर सह संयोजक मनीष चौकसे सहित अन्य कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

