
सिवनी मालवा / नकुल मालवीय / नगर के सबसे व्यस्ततम मार्ग गांधी चौक से रेंज ऑफिस तक के मुख्य मार्ग पर रोजाना लग रहे लंबे यातायात जाम से आमजनता और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य बाजार का हिस्सा होने के कारण इस मार्ग पर दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन नगर पालिका की उदासीनता, अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण और प्रशासनिक अनदेखी के चलते यह मार्ग अब रोज की आफत बन चुका हैं। जाम के कारण एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं और स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है। कुछ ही मिनटों का सफर तय करने में लोगों को 15-20 मिनिट से अधिक का समय लग रहा है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई हो। वहीं तीज त्योहार पर तो यहा से पैदल निकलना भी दूभर हो जाता हैं। जिसकी वजह वर्षो पुरानी सकरी सड़क, बढ़ता व्यवसाय, हाथ ठेले, वाहन और अतिक्रमण मुख्य हैं। सोमवार को गणेश चतुर्थी और हरतालिका तीज जैसे त्योहार की भीड़भाड़ होने के चलते लोगों का आवागमन ज्यादा बढ़ गया था। वहीं गांधी चौक व मुख्य मार्ग पर लगे हाथठेलों, दुपहिया और चार पहिया वाहनों के चलते यातायात ठप हो गया था। जिसकी जानकारी किसी नागरिक ने पुलिस को दी। जिसके बाद खुद नगर निरीक्षक नवीन कुमार पांडेय ने गांधी चौक पर पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला तब जाकर आवागमन सुचारू हो पाया।
प्रशासन अतिक्रमण हटवाकर कराएं चौड़ीकरण….
क्षेत्र के नागरिकों को वर्षों के इंतजार के बाद सिवनी मालवा नगर के मुख्य मार्ग को 10 मीटर चौड़ी सड़क शासन के माध्यम से मिली हैं। जिसका श्रीगणेश भी ठेकेदार ने बानापुरा से कर दिया हैं। जिससे आमजनों में उत्साह और खुशी भी हैं लेकिन आमजनों के मन में बार बार ये भी सोचने में आ रहा हैं कि क्या गांधी चौक से रेंज ऑफिस चौक के अति सकरे मार्ग का भी चौड़ीकरण होगा या सरकार की 10 मीटर चौड़ी सड़क की महती योजना को चूना लगा दिया जाएगा और जनता फिर स्वार्थी नेताओं की महत्वाकांक्षा के चलते वही गलीनुमा सकरी जगह से गुजरने को मजबूर होगी। जबकि नगर व क्षेत्र के 90 फीसदी लोग लोग चाहते हैं कि नगर के अंदर का मुख्य मार्ग शासन के नियमानुसार 10 मीटर चौड़ा हो। जिससे व्यापारियों को व्यापार में भी सुविधा हो, उनका धंधा बड़े और आमजन को भी आवागमन में आसुविधा न हो।
नपा की पार्किंग पर रसूखदारों का कब्जा, आमजन परेशान….
नगर पालिका ने नर्मदा मंदिर चौक के पास काम्प्लेक्स बनाकर दुकानें तो आवंटित कर दी। जहा व्यापार भी जोरशोर से चल रहा हैं लेकिन उसके सामने आमजनों के लिए लाखों रुपए लगाकर बनाई पार्किंग पर नेताओं और रसूखदारों का कब्जा होने से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग अपने वाहन मुख्य मार्ग पर खड़ा कर देते हैं। जिसके चलते हर दिन मुख्य मार्ग पर वाहनों की लम्बी कतार लगी रहती हैं और क्षेत्र के व्यापारी, आमजन, महिला, पुरूष, बच्चे परेशान होते देखे जा सकते हैं। ऐसा नहीं हैं कि उक्त पार्किंग पर कब्जे की जानकारी प्रशासन और नगर पालिका को नहीं हैं लेकिन रसूखदारों और नेताओं का कब्जा होने के चलते जवाबदार लोग इस ओर ध्यान नही दे रहें हैं और सजा आमजन भुगत रहें हैं।
गांधी चौक पर भी यातायात पुलिस ध्यान दें….
वर्षों से पत्रकार नगर में यातायात पुलिस की मांग करते आ रहें थे लेकिन जिला कप्तान सांई कृष्ण एस थोटा के सिवनी मालवा आने के दौरान पत्रकारों ने यातायात पुलिस की आवश्यकता उन्हें बताई। जिसके चलते उन्होंने यातायात निरीक्षक की पदस्थापना भी सिवनी मालवा में कर दी हैं। जिससे कुछ हद तक नगर के मुख्य मार्ग की यातायात व्यवस्था सुधारी जा सकती हैं लेकिन न जाने क्यों इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा हैं। वैसे शांति समिति की बैठक में नपाध्यक्ष रितेश जैन ने भी यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में सहयोग के लिए 4 नगर पालिका कर्मचारी और 1 वाहन देने की बात कहीं थी, अगर ये व्यवस्था शीघ्र हो जाती हैं तो काफी हद तक मुख्य मार्ग का यातायात सुचारू हो सकता हैं। क्योंकि अब त्योहारों का सिलसिला शुरू हो गया हैं, जो दीपावली तक चलता रहेगा। वहीं नागरिकों का कहना हैं कि कब नपाध्यक्ष, सीएमओं, पार्षद और स्थानीय प्रशासन जनता को सुव्यवस्थित व्यवस्था देंगे।

