

सिवनी मालवा / (नकुल मालवीय) भाद्रपद माह की शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि के साथ ही सोमवार से 10 दिवसीय गणेशोत्सव की धूम शुरू हो गई है। ‘गणपति बाप्पा मोरया’ और ‘रिद्धि-सिद्धि के दाता’ के जयकारों के साथ घर-घर और पंडालों में विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की स्थापना की गई। जो रात तक चलती रहीं। इस अवसर पर नगर के बाजारों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। उत्सव को लेकर सिवनी मालवा नगर और उपनगरी बानापुरा के मुख्य बाजारों की मूर्तियों की दुकानों पर जबरदस्त चहल-पहल रहीं। लोगों ने मूर्तियों के साथ श्रृंगार का सामान, मिठाई, फल आदि की भी जमकर खरीददारी की।
मूर्तिकारों ने बनाई विशालकाय मिट्टी की प्रतिमाएं….
नगर में स्थित मूर्तिकारों ने अपने हाथों से मिट्टी की विशालकाय विघ्नहर्ता की प्रतिमा को मूर्त रूप दिया। जिन्हें नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विराजमान करने वाली गणेश उत्सव समितियां के लोगों ने ट्रैक्टर ट्राली, पिकअप आदि वाहनों से बप्पा की भव्य और आकर्षक मूर्तियों को ढोल- नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ अपने घर और पंडालों में ले जाते नजर आए।
पर्यावरण अनुकूल मूर्तियों की मांग रही…..
इस बार मिट्टी (इको-फ्रेंडली) से बनी मूर्तियों की मांग सबसे ज्यादा देखी गई। लोग प्राकृतिक रंगों से सजी मूर्तियों को प्राथमिकता देते दिखे। मिट्टी से बनी छोटी छोटी मूर्तियां 200 रुपए से लेकर हजारों रुपए तक बिकी।
शुभ मुहूर्त में हुई स्थापना…..
पंडितों और आचार्यो ने शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से घट स्थापना के साथ गौरीसुत गणेश की प्राण-प्रतिष्ठा कराई। रात तक बप्पा को पंडालों में ले जाने का सिलसिला जारी रहा। हिन्दुधर्मावलम्बियों ने भी अपने घर व प्रतिष्ठानों में विध्नहर्ता की भक्ति भाव से स्थापना की। भक्तों ने अपने घरों को आम के पत्ते की वंदनवार, रंगोली और रोशनी से सजाया। पूजन आरती के साथ प्रथम पूज्य को मोदक और लड्डू का भोग लगाया गया।
नगर में 40 पंडालों में विराजे श्रीगणेश….
10 दिवसीय गणेश उत्सव को लेकर ग्रामीण अंचल और सिवनी मालवा नगर में हिन्दुधर्मावलम्बियों में भारी उत्साह देखा गया। सिवनी मालवा विकासखंड के लगभग प्रत्येक गांव में ग्रामीणों ने विघ्नहर्ता की स्थापना की गई। वहीं सिवनी मालवा – बानापुरा में लगभग 40 गणेश पंडालों में विशालकाय श्री गणेश की प्रतिमा को स्थापित किया गया। सोमवार का दिन बप्पा के जयकारों से गुंजायमान रहा। हर जगह गणपति बप्पा मोरया के जयकारे सुनाई दिए। इस तरह गणेश उत्सव को लेकर लोगों में भारी उत्साह दिखाई दिया। नगर में 10 दिवसीय उत्सव प्रेमभाव और श्रद्धापूर्वक मनाया जाए, इसके लिए प्रशासन और पुलिस ने भी चाकचौबंद व्यवस्थाएं की हैं।

