


नर्मदापुरम / इटारसी / गणेश उत्सव के चलते गणेश प्रतिमाओं के बाजार में पसरी गंदगी, कीचड़ और जलभराव को लेकर कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड ने सोमवार को मोर्चा खोल दिया। बाजार में अव्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी (गज्जू भैया) ने नगर पालिका प्रशासन को दो घंटे के भीतर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय में व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे अपने साथियों के साथ मौके पर धरने पर बैठेंगे।
तिवारी के साथ यंग ब्रिगेड जिला अध्यक्ष शुभम वालिया, नगर अध्यक्ष विशाल तिलोतिया सहित पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे। तिवारी ने कहा कि गणेश प्रतिमाओं के बाजार में श्रद्धालुओं और प्रतिमा विक्रेताओं को कीचड़ एवं गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मानवीय संवेदना के साथ तत्काल व्यवस्था सुधारने की अपील की।
चेतावनी के बाद हरकत में आया प्रशासन…
दो घंटे की चेतावनी के बाद नगर पालिका प्रशासन सक्रिय हुआ। सफाई कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और बाजार में जमा कीचड़, गंदा पानी एवं गंदगी को हटाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की गई। इससे श्रद्धालुओं और प्रतिमा विक्रेताओं को राहत मिली।
सफाई कार्य पूर्ण होने के बाद मौके पर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के नारों से माहौल गूंज उठा। गजानंद तिवारी एवं उनकी टीम ने सफाई कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके द्वारा किए गए सफाई कार्य के लिए धन्यवाद दिया।
इस दौरान तिवारी ने इटारसी एसडीएम एवं नगर पालिका सीएमओ का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय रहते प्रशासन ने जनसमस्या को गंभीरता से लिया और तत्काल सफाई कराई। उन्होंने कहा कि जनता की समस्या को लेकर आवाज उठाना ही जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। तिवारी ने कहा कि जनता की समस्या होगी तो वे आगे भी मैदान में उतरकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते रहेंगे।

