

नर्मदापुरम / राष्ट्रीय वित्तीय शिक्षा केन्द्र (NCFE) के Money Smart Teacher Programme के अंतर्गत सोमवार को जीवा ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल सिवनी मालवा में शिक्षकों के लिए विशेष वित्तीय शिक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 50 शिक्षकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को वित्तीय रूप से जागरूक एवं सक्षम बनाना तथा वित्तीय शिक्षा को विद्यार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के लिए प्रशिक्षित करना रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में वित्तीय शिक्षा प्रशिक्षक CFP गौर किशोर दास ने शिक्षकों को बचत, निवेश, वित्तीय नियोजन, बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल वित्तीय लेन-देन, साइबर सुरक्षा तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने विभिन्न व्यावहारिक उदाहरणों एवं संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से वित्तीय प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं को समझा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रवीण पणिकर ने कहा कि वर्तमान समय में वित्तीय साक्षरता प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है। शिक्षकों को वित्तीय रूप से जागरूक करने से वे विद्यार्थियों में भी बचत की आदत, सही वित्तीय निर्णय लेने की क्षमता और आर्थिक अनुशासन विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
प्राचार्य डॉ. प्रवीण पणिकर ने प्रशिक्षक CFP गौर किशोर दास का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों को समय-समय पर नवीन विषयों एवं बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा प्रशिक्षक एवं सभी प्रतिभागी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया गया।
“सशक्त शिक्षक, वित्तीय रूप से जागरूक विद्यार्थी और आर्थिक रूप से सशक्त समाज”—इसी संकल्प के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

