

नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर शहर के गांधी चौक सहित मुख्य बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है। बड़ी संख्या में लोग गणेश प्रतिमाओं, पूजन सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। इसके चलते गांधी चौक और आसपास के मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से कई बार जाम की स्थिति बन रही है।
त्योहार के दौरान बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यदि आवश्यक न हो तो बाजार क्षेत्र में वाहन लेकर आने से बचें। जरूरी होने पर भी चार पहिया वाहन की जगह दोपहिया वाहन का उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और बाजार में वाहन खड़ा करने के बजाय निर्धारित स्थानों का उपयोग करें। नागरिकों के सहयोग से त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी।

