

नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सिवनी मालवा-नंदरवाड़ा मुख्य मार्ग से बाराखड़ खुर्द तक बनाई गई सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य पूरा हुए अभी अधिक समय भी नहीं बीता और बरसात में सड़क की गिट्टी उखड़कर बिखरने लगी है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण में गुणवत्ता का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया, जिसके चलते बारिश के दौरान सड़क की ऊपरी परत कमजोर होकर जगह-जगह उखड़ने लगी है। पुलिया के आसपास भी सड़क की स्थिति खराब होने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण की यही स्थिति रही तो आने वाले समय में सड़क और अधिक क्षतिग्रस्त हो सकती है।
तस्वीरें बयां कर रही निर्माण की हकीकत….
मौके की तस्वीरों में सड़क से गिट्टी उखड़कर बाहर निकलती हुई दिखाई दे रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने, निर्माण सामग्री की जांच करने तथा जिम्मेदार एजेंसी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर और टिकाऊ सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्माण कराया जाता है। ऐसे में यदि बरसात में सड़क की परत उखड़ने लगे, तो निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर सड़क की गुणवत्ता की जांच करता है या फिर सड़क की हालत और बिगड़ने का इंतजार किया जाता है।

