
नर्मदापुरम / नर्मदा महाविद्यालय के प्राणी शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश दीवान को प्रतिष्ठित ज्ञान पुंज पुरस्कार से अलंकृत किया गया। यह सम्मान शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर इटारसी में आयोजित विपिन जोशी स्मारक समिति के 42वें राष्ट्रीय सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।
समारोह में देशभर से चयनित 40 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चिरायु हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. अजय गोयनका थे। समारोह में पूर्व एडिशनल एडवोकेट जनरल अजय गुप्ता, केबीसी फेम उषा खरे तथा आचार्य पंडित सोमेश परसाई की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विपिन जोशी स्मारक समिति के संस्थापक प्रमोद पगारे एवं अध्यक्ष रमेश के. साहू ने बताया कि शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से उनका पद प्रक्षालन एवं महाआरती करने की 42 वर्षों पुरानी परंपरा इस समारोह को देशभर में एक विशिष्ट पहचान प्रदान करती है।
समिति द्वारा शिक्षा जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले, कठोर अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं न्यायप्रिय प्रशासन प्रणाली के लिए पहचाने जाने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है। डॉ. राजेश दीवान को प्रदान किया गया ज्ञान पुंज पुरस्कार उनके शिक्षा एवं प्राणी शास्त्र के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान का सम्मान है।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. आर. के. चौकसे, डॉ. रवि उपाध्याय, डॉ. के.जी. मिश्र सहित महाविद्यालय परिवार ने डॉ. दीवान को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। डॉ. राजेश दीवान के इस सम्मान से नर्मदा महाविद्यालय परिवार एवं क्षेत्र के शिक्षाविदों में हर्ष व्याप्त है।

