

नर्मदापुरम / मालाखेड़ी क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के कारण स्थानीय रहवासियों एवं राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्र में अंधेरा रहने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में भी कठिनाई हो रही थी। इस जनसमस्या को लेकर हमारे “सत्य की आवाज” न्यूज पोर्टल ने 18 अगस्त 2026 को प्राथमिकता से समाचार प्रकाशित किया था।
समाचार प्रकाशित होने के बाद इसका असर दिखाई दिया और नगर पालिका द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए मालाखेड़ी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था की गई। अब क्षेत्र के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें लगने से रात के समय क्षेत्र रोशन नजर आ रहा है तथा स्थानीय नागरिकों को काफी राहत मिली है। क्षेत्र ke निवासी सुयश मिश्रा ने बताया कि मालाखेड़ी क्षेत्र में लंबे समय से स्ट्रीट लाइटों की समस्या बनी हुई थी, जिसके कारण स्थानीय नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। “सत्य की आवाज” न्यूज पोर्टल में इस जनसमस्या को प्राथमिकता से प्रकाशित किए जाने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले पर ध्यान दिया और क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था कराई गई।
स्थानीय नागरिकों ने स्ट्रीट लाइटें लगने पर खुशी व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि अब रात के समय आवागमन सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है तथा क्षेत्र में दुर्घटनाओं और अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

