

नर्मदापुरम / इटारसी नगर के वार्ड क्रमांक 1 में पोषण माह के अंतर्गत एक विशेष पोषण जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन एवं महिलाओं को संतुलित आहार, बेहतर स्वास्थ्य तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित कृषि वैज्ञानिक डॉ. आकांक्षा पांडे एवं सुजीत गर्ग ने महिलाओं व हितग्राहियों को पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने दैनिक जीवन में स्थानीय एवं पौष्टिक आहार को शामिल करने के व्यावहारिक उपाय बताते हुए स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद दिलीप गोस्वामी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक श्रीमती अर्चना बस्तरवार विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र की समस्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पोषण माह के तहत चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों एवं इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को पौष्टिक व संतुलित भोजन अपनाने तथा बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया गया। यह आयोजन स्थानीय रहवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

