
नर्मदापुरम / शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी में दिनांक शनिवार को गृह विज्ञान विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। कार्यक्रम की निर्धारित गतिविधियों में 12 सितंबर को पोषण माह के शुभारंभ एवं पोषण जागरूकता विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा द्वारा माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। प्राचार्य महोदय ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में पोषण को स्वस्थ एवं सशक्त जीवन का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को अपने भोजन एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पचमढ़ी में एक विदेशी व्यक्ति से हुई अपनी मुलाकात का रोचक प्रसंग साझा करते हुए प्राकृतिक एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों के महत्व को रेखांकित किया तथा लौकी जैसे स्थानीय एवं प्राकृतिक खाद्य पदार्थों के सेवन और पर्याप्त जल ग्रहण करने के स्वास्थ्यगत महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. हरप्रीत रंधावा ने भारतीय पारंपरिक खान-पान की वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्यवर्धक परंपराओं पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के पारंपरिक भोजन का उदाहरण देते हुए बताया कि हमारी लोकजीवन की भोजन-पद्धतियों में भी पोषण और स्वास्थ्य का गहरा संबंध रहा है। उन्होंने दही के साथ पारंपरिक रूप से तैयार किए जाने वाले बासी भात जैसे खाद्य पदार्थों के उदाहरणों के माध्यम से भारतीय खान-पान की सहज, पौष्टिक एवं प्रकृति के अनुकूल परंपराओं को रेखांकित किया।
कार्यक्रम की संयोजक एवं गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष कु. नीतू अहिरवार द्वारा पोषण जागरूकता विषय पर विशेषज्ञ वक्ता के रूप में व्याख्यान दिया गया। उन्होंने संतुलित आहार, आवश्यक पोषक तत्वों, स्वस्थ भोजन की आदतों तथा दैनिक जीवन में पौष्टिक आहार के महत्व पर छात्राओं को अत्यंत उपयोगी एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्राओं को यह संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ विचारों, सक्रिय जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
कार्यक्रम का मंच संचालन एवं प्रभावी समन्वय राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पाटिल द्वारा किया गया। मंच संचालन के माध्यम से कार्यक्रम के प्रत्येक चरण को गरिमापूर्ण एवं क्रमबद्ध रूप से संपन्न कराया गया तथा छात्राओं को पोषण के प्रति जागरूक एवं सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में एनसीसी एवं एनएसएस की छात्राओं सहित महाविद्यालय की समस्त छात्राओं तथा प्राध्यापकगण की उत्साहपूर्ण एवं गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पाटिल द्वारा सभी अतिथियों, प्राचार्य महोदय, वरिष्ठ प्राध्यापक, विषय विशेषज्ञ एवं उपस्थित छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस प्रकार राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ कार्यक्रम “स्वस्थ भोजन–स्वस्थ जीवन” के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा छात्राओं को अपने दैनिक जीवन में संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

