
नर्मदापुरम / राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के जन्मदिवस के अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक कृष्णमोहन झा द्वारा लिखित पुस्तक ‘डॉ. मोहन भागवत संदेश’ का विमोचन समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश पचौरी सहित अनेक वरिष्ठजन, सामाजिक प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डॉ. अशोक वाजपेयी, मध्यप्रदेश शासन के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, महामंडलेश्वर स्वामी अखिलेशानंद तथा डॉ. इमाम इलयाजी सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही।
लेखक कृष्णमोहन झा ने अपनी पुस्तक में सकारात्मक चिंतन, सामाजिक समरसता, राष्ट्र एवं समाज के प्रति दायित्व तथा जिम्मेदार नागरिक की भूमिका जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया है। पुस्तक के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ नागरिकों को अपने सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने का संदेश दिया गया है।
विमोचन समारोह के दौरान वक्ताओं ने सामाजिक एकता, सद्भाव और जिम्मेदार नागरिकता के महत्व पर अपने विचार साझा किए तथा पुस्तक को समाजोपयोगी चिंतन को आगे बढ़ाने वाला प्रयास बताया।
समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्यजनों ने लेखक कृष्णमोहन झा को नई कृति के प्रकाशन पर शुभकामनाएं देते हुए पुस्तक के व्यापक पाठक वर्ग तक पहुंचने की कामना की।

