
नर्मदापुरम / सोहागपुर / सामान्य वनमंडल के तहत सोहागपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम आमादेही में धान के खेत में लगभग 10 फीट (करीब 3 मीटर) लंबे भारतीय अजगर के दिखाई देने की सूचना पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुँचकर सुरक्षित रेस्क्यू किया। तत्संबंध में बताया कि आमादेही ग्राम निवासी ललित रघुवंशी अपने खेत पर पहुँचे थे, तभी उन्हें धान के पौधों के बीच अजगर दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल वन परिक्षेत्र अधिकारी सोहागपुर हेमन्त शर्मा को सूचना दी। सूचना मिलते ही सोहागपुर सामान्य वन परिक्षेत्र की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुँची और ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश देते हुए अजगर को बिना किसी क्षति के सुरक्षित पकड़ लिया गया।रेस्क्यू के बाद अजगर को सोहागपुर परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया, जहाँ उसका मापन करने पर लंबाई 10 फीट पाई गई। इसके पश्चात स्थानीय पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें अजगर स्वस्थ पाया गया।
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद अजगर को मानव बस्ती एवं कृषि क्षेत्र से दूर सोहागपुर परिक्षेत्र के उपयुक्त घने आरक्षित वन क्षेत्र में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि खेत या आबादी क्षेत्र में किसी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसे नुकसान न पहुँचाएँ तथा तत्काल वन विभाग को सूचना दें। इस पूरी कार्यवाही में परिक्षेत्र सहायक सोहागपुर राजेन्द्र भिलाला, वनरक्षक फुलेंद्र गुर्जर, वाहन चालक राजेश वर्मा एवं रेस्क्यू सहायक अवरार खान का उल्लेखनीय योगदान रहा।

