

नर्मदापुरम / अंडमान-निकोबार / भारत सरकार की आवास एवं शहरी कार्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति (2025-26) के तीन दिवसीय अंडमान-निकोबार अध्ययन दौरे के अंतर्गत मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने अंडमान स्थित ऐतिहासिक राष्ट्रीय स्मारक सेलुलर जेल का दौरा किया।
दौरे के दौरान सांसद माया नारोलिया ने स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े इस ऐतिहासिक स्थल का भ्रमण किया और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सेलुलर जेल की दीवारों पर प्रदर्शित स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर के त्याग, तपस्या और संघर्ष से जुड़ी स्मृतियों को करीब से देखा।
इस अवसर पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस के ऐतिहासिक सेलुलर जेल दौरे से जुड़ी स्मृतियों का भी अवलोकन किया गया। सांसद माया नारोलिया ने कहा कि सेलुलर जेल देश के स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की अमिट गाथा को अपने भीतर संजोए हुए है।
उन्होंने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर स्थल आने वाली पीढ़ियों को देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले हुतात्माओं और देश के गौरवशाली इतिहास को नमन करते हुए उन्होंने ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और उनके महत्व को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
संसदीय समिति के अध्ययन दौरे के दौरान ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का अवलोकन कर उनके संरक्षण और विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर भी मिला।

