


नर्मदापुरम / भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर जिले की विभिन्न गौशालाओं में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर गौशाला परिसरों में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के साथ विधि-विधान से गौ पूजन किया गया तथा गौ माता को गौ ग्रास खिलाकर गौ सेवा एवं संरक्षण का संदेश दिया गया।
जिले की विभिन्न गौशालाओं में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, गौशाला संचालकों एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने सहभागिता की। गौशालाओं में विशेष सजावट एवं धार्मिक आयोजनों के चलते पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। कार्यक्रमों के माध्यम से गौ सेवा, गौ संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति में गौ माता के महत्व के प्रति जनजागरूकता का संदेश भी दिया गया।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर महर्षि दयानंद गौशाला गुरुकुल, नर्मदापुरम में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। गुरुकुल के प्रधानाचार्य सत्यसिंधु, नगरपालिका अध्यक्ष, अध्यक्ष मध्यप्रदेश तैराकी संघ, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं नर्मदापुरम डॉ. शैलेन्द्र कुमार नेमा, सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी तेज मोहन पटेल एवं जीतू तिवारी की उपस्थिति में विधि-विधान से गौ पूजन किया गया।
इस दौरान गौ माता को गुड़, दाना एवं हरी घास खिलाई गई।
पिपरिया स्थित हथवास गौशाला, माखननगर की श्रीजी गौशाला सहित जिले की अन्य गौशालाओं में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं एवं उपस्थित जनों द्वारा गौ पूजन कर गौ माता को गौ ग्रास खिलाया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने गौ सेवा को भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए लोगों से नियमित रूप से गौ सेवा एवं संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया।

