


नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में रेत एवं अन्य गौण खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध प्रशासन द्वारा लगातार जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सिवनी मालवा तहसील अंतर्गत ग्राम कजली में अवैध रेत उत्खनन के विरुद्ध कार्रवाई की।
संयुक्त जांच दल द्वारा ग्राम कजली में रेत का अवैध उत्खनन करते हुए दो पनडुब्बियों को जप्त किया गया। जप्त पनडुब्बियों को थाना सिवनी मालवा की पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। वहीं, खनिज विभाग द्वारा जांच के दौरान डंपर क्रमांक MP04HE4953 को गिट्टी खनिज का अवैध परिवहन करते हुए जप्त किया गया। जप्त डंपर को भी पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।
प्रशासन द्वारा जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उक्त कार्रवाई में नायब तहसीलदार सिवनी मालवा हीरू कुमरे, खनि निरीक्षक बसंत पाटिल, खनि सिपाही हेमंत राज सहित राजस्व अमला उपस्थित रहा।

