

नर्मदापुरम / शहर में आज आधी रात को कृष्ण जन्मोत्सव के साथ शंख और घंटा ध्वनि गूंजेंगे। इसके बाद माखन मिश्री का भोग लगेगा और नंद के घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल के स्वर की धूम रहेगी । घर-घर बाल गोपाल पधारेंगे। शहर के कृष्ण मंदिरों में विशेष सजा सज्जा की जा रही है। शहर के कृष्ण बलदाऊ, राधा कृष्ण, बांके बिहारी, जगन्नाथ, गोपाल मंदिर सहित सभी कृष्ण मंदिरों में तैयारी जोरों पर है और विशेष झांकियां सजेंगी । वहीं ग्वालटोली के काली मंदिर सहित रसूलिया, सदर बाजार, सतरस्ते में भी विशेष झांकियां सजाई जाएंगी और शोभायात्रा निकलेगी। कल मटकी फोड़ सहित कई धार्मिक आयोजन होंगे। इस बार इस दिन द्वापर युग जैसा दुर्लभ महाशय योग बन रहा है। रात्रि में अष्टमी तिथि के साथ रोहिणी नक्षत्र का विशेष संयोग बन रहा है, जो ठीक भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय था। चंद्रमा अपनी उच्च राशि वृषभ में स्थित रहेंगे। इस दिन हर्षण योग और सर्वार्थ सिद्धि योग का भी अद्भुत तालमेल है। देवगुरु बृहस्पति अपनी उच्च राशि कर्क में विराजमान रहेंगे। निर्णय सिंधु के अनुसार रात्रि में रोहिणी नक्षत्र के साथ अष्टमी तिथि होने पर भगवान कृष्ण की पूजा विशेष फलदायी मानी गई है। गौतमी तंत्र ग्रंथ में जयंती योग में जन्माष्टमी व्रत और उपवास को अत्यंत फलदायी माना गया है।
बांके बिहारी, राधा कृष्ण, गोपाल मंदिर सहित शहर भर में सजेंगी झांकियां….
जन्माष्टमी पर बांके बिहारी, राधा कृष्ण, गोपाल, बलदाऊ, जगन्नाथ मंदिर में विशेष आयोजन होंगे। आज रात 12:00 बजे भगवान का जन्मदिन मनेगा और आरती हो कर प्रसाद वितरण होगा। दुकानों पर भगवान श्री कृष्णा के लिए श्रद्धालु नई पोशाक और आभूषण सहित अन्य श्रृंगार का सामान खरीदने लगे हैं। दुकानों पर भी नया-नया सजावट का सामान आ गया है। जन्माष्टमी पर रोहिणी नक्षत्र में भगवान कृष्ण का जन्म होगा और यह विशेष फल देने वाला होगा। इससे सुख समृद्धि मिलेगी। जगह-जगह शोभायात्रा भी निकल जाएंगे। जन्माष्टमी के चलते सुरक्षा के भी भुगतान इंतजाम किए गए हैं।

