




नर्मदापुरम / सिवनी मालवा के जीवा ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य एवं मनमोहक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रवीण पणिकर द्वारा भगवान श्रीकृष्ण एवं मां सरस्वती की पूजा-अर्चना तथा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण एवं विभिन्न धार्मिक पात्रों की आकर्षक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भगवान विष्णु के दशावतार पर आधारित प्रस्तुति रही। विद्यार्थियों ने विभिन्न अवतारों का रूप धारण कर उनके महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। तेजस्वी ने मत्स्य अवतार, अस्विका ने कूर्म अवतार, प्रशा ने वराह अवतार, आराधी ने नरसिंह अवतार, शिवांशी ने वामन अवतार, सात्विक ने श्रीराम अवतार, काव्यांश ने परशुराम अवतार, हर्षिता ने श्रीकृष्ण अवतार, जियांशी ने बुद्ध अवतार तथा गौरव ने कल्कि अवतार का रूप धारण किया।
इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जन्म पर आधारित लघु नाटिका का मंचन किया गया। नन्हे कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से देवकी एवं वसुदेव के कारागार में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, कंस के अत्याचार तथा श्रीकृष्ण के गोकुल पहुंचने की कथा को जीवंत कर दिया। बच्चों के भावपूर्ण अभिनय एवं संवादों ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रवीण पणिकर ने कहा कि “भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म, कर्तव्य और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। बच्चों द्वारा भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत करना अत्यंत सराहनीय है।”
उन्होंने सभी विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अभिनय क्षमता तथा भारतीय संस्कारों के प्रति सम्मान विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से गूंज उठा। नन्हे-मुन्ने राधा-कृष्ण एवं दशावतार के रूप में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

