
नर्मदापुरम / स्थानीय जुमेराती स्थित शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय के परिसर में बनी मजार के आसपास कुछ लोगों द्वारा पक्का निर्माण किए जाने की सूचना पर गुरुवार को विवाद की स्थिति बन गई। बताया गया कि मजार के आसपास लोहे के नए एंगल लगाकर निर्माण कार्य किया जा रहा था। इसकी जानकारी हिंदू संगठनों के लोगों को मिली तो वे तत्काल मौके पर पहुंचे।
मामले की सूचना प्रशासन और पुलिस को भी दी गई। इसके बाद तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी तथा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस विद्यालय के गेट पर तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मौके पर लोगों की मौजूदगी के चलते पुलिस ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली है।
हिंदू संगठनों के आलोक शर्मा एवं धीरज चौकसे पहुंचे और उन्होंने इसका विरोध किया, जिस पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कहा कि निर्माण जिन्होंने किया कि उनसे पूछताछ की जाएगी। हिन्दू संगठन ने विद्यालय परिसर में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण को लेकर आपत्ति जताते हुए संबंधित लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि शैक्षणिक संस्था के परिसर में किसी भी प्रकार का नया निर्माण नियमों और सक्षम अनुमति के बिना नहीं किया जाना चाहिए।
मामले को लेकर प्रशासन द्वारा मौके की स्थिति की जांच की जा रही है। निर्माण के लिए अनुमति ली गई थी या नहीं, यह भी जांच का विषय है। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में मौके पर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

