
नर्मदापुरम / भोपाल / सिवनी मालवा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार एवं आमजन को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने गुरुवार को भोपाल में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान विधायक श्री वर्मा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शिवपुर को 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नयन किए जाने पर माननीय उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिवपुर को 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की सौगात मिलने से शिवपुर सहित आसपास के अनेक गांवों के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी तथा गंभीर मरीजों को उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
विधायक श्री वर्मा द्वारा क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों को उपमुख्यमंत्री जी के समक्ष प्रमुखता से रखा गया। इस पर माननीय उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने संबंधित चिकित्सा विभाग के अधिकारियों एवं जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शिवपुर के लिए भूमि का शीघ्र निर्धारण कर भूमि पूजन की प्रक्रिया पूरी की जाए तथा निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया को जल्द पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही उप स्वास्थ्य केन्द्र साधपुरा के उन्नयन तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं तवानगर क्षेत्र की भूमि का शीघ्र निर्धारण कर आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि इन कार्यों को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जा सके।
सिवनी मालवा सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की नियुक्ति का मुद्दा उठाया….
विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने सिवनी मालवा सिविल अस्पताल में आवश्यक चिकित्सकों की नियुक्ति को लेकर भी उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल को आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि सिवनी मालवा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचते हैं। ऐसे में पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की उपलब्धता बेहद आवश्यक है।
उन्होंने अस्पताल में आवश्यक चिकित्सकों एवं विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति शीघ्र किए जाने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर उपचार की सुविधा मिल सके और उन्हें छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए अन्य शहरों की ओर रुख न करना पड़े।
विधायक श्री वर्मा ने कहा कि सिवनी मालवा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का लाभ सिवनी मालवा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे, इसके लिए वे लगातार शासन स्तर पर प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिवपुर को 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की सौगात मिलने के साथ ही क्षेत्र के अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों के उन्नयन, नवीन भवनों एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं को लेकर भी निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। जनहित से जुड़े इन कार्यों को शीघ्र धरातल पर उतारना ही प्राथमिकता है।

