







नर्मदापुरम / टिमरनी / गवर्नमेंट एक्सीलेंस स्कूल, टिमरनी में 31 अगस्त को संभाग स्तरीय स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में तिनका सामाजिक संस्था, टिमरनी ने सहयोग प्रदान किया। प्रतियोगिता में बैतूल, हरदा एवं नर्मदापुरम जिले के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए, जिसमें प्रतिभागियों ने कराटे की तकनीक, फुर्ती और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मुकाबलों में खिलाड़ियों ने पूरी ऊर्जा के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का आगामी राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर पर अपने संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इंदौर से पहुंचे महेश कुशवाह और प्रतीक शर्मा…..
प्रतियोगिता में इंदौर से विशेष रूप से पहुंचे मध्यप्रदेश स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन के महासचिव श्री महेश कुशवाह एवं रेफरी कमीशन के अध्यक्ष श्री प्रतीक शर्मा की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखा और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। कराटे के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और आत्मरक्षा की क्षमता विकसित होती है।
अधिकारियों और गणमान्यजनों की रही मौजूदगी…..
कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी श्री रामनिवास जाट, गवर्नमेंट एक्सीलेंस स्कूल, टिमरनी की प्राचार्य श्रीमती ज्योति दुबे सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। वहीं पत्रकार बृजेश रेछारिया, रवि साहू, मनोज कुशवाह एवं कृष्णा भाटी ने भी आयोजन में उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
निर्णायक मंडल ने संभाली जिम्मेदारी…..
प्रतियोगिता के सफल एवं निष्पक्ष संचालन में निर्णायक एवं रेफरी मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मोना खरे, अनिश कहार, शालिनी बेलदार, लोकेश प्रधान, करण रामटेक, कुलदीप ढोके, महिमा मरकाम एवं नीलम राय ने निर्णायक एवं रेफरी की जिम्मेदारी संभालते हुए विभिन्न मुकाबलों का निष्पक्ष संचालन किया।
तिनका संस्था ने किया सहयोग…..
प्रतियोगिता के आयोजन में शिक्षा विभाग एवं तिनका सामाजिक संस्था, टिमरनी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं उपस्थित अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता ने क्षेत्र के स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ राज्य स्तरीय मंच तक पहुंचने का अवसर प्रदान किया।
मना मंडलेकर ने जताया आभार…..
कार्यक्रम के समापन अवसर पर तिनका सामाजिक संस्था, टिमरनी की अध्यक्ष मना मंडलेकर ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, जिला खेल अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, पत्रकार, निर्णायक एवं रेफरी मंडल, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों तथा उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

