

नर्मदापुरम / नई दिल्ली / समाज, संस्कृति, कला एवं मानवता के संवर्धन में अप्रतिम योगदान के लिए मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद माया नारोलिया को राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में सम्मानित किया गया।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं पावन जयंती के उपलक्ष्य में ‘हिन्दुस्थान आर्ट एंड म्यूजिक सोसाइटी’ द्वारा लोधी रोड स्थित गोदावरी ऑडिटोरियम (आंध्रा एसोसिएशन) में भव्य ‘परम्परा से प्रतिभा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस राष्ट्रीय समागम में कला, संस्कृति, शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े देश भर के विशिष्ट गणमान्यजन उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान समाज और मानवता के उत्थान, सामाजिक सरोकारों के प्रति सतत निष्ठा तथा राष्ट्र सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए सांसद श्रीमती माया नारोलिया को शॉल, श्रीफल व प्रशस्ति पत्र भेंट कर गरिमामय अलंकरण से विभूषित किया गया।
सम्मान प्राप्ति के उपरांत अपने संबोधन में राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की 125वीं जयंती के पावन अवसर पर कला, संस्कृति और राष्ट्र-समर्पण को समर्पित इस मंच पर सम्मानित होना उनके लिए अत्यंत गर्व, विनम्रता और आत्मिक संतोष का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान वस्तुतः उनके प्रति जनता-जनार्दन के अटूट विश्वास, अगाध स्नेह और आशीर्वाद का प्रतिफल है।
सांसद नारोलिया ने आगे कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक ऊर्जा, संवेदनशीलता एवं निष्ठा के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा करने तथा भारतीय संस्कृति के मूल्यों को आगे बढ़ाने की नई प्रेरणा प्रदान करेगा। उन्होंने भव्य आयोजन हेतु हिन्दुस्थान आर्ट एंड म्यूजिक सोसाइटी के पदाधिकारियों एवं उपस्थित प्रबुद्धजनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

