




नर्मदापुरम / शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज एवं फिटनेस चैलेंज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें महाविद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा ने छात्राओं को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। क्रीड़ा अधिकारी डॉ. मुकेश चंद्र बिष्ट ने विभिन्न खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित खेल एवं व्यायाम से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एकाग्रता भी बेहतर होती है। साथ ही हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन एवं देश के लिए दिए गए योगदान को विस्तार से बताया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. संजय आर्य ने कहा कि प्रतियोगिताओं से छात्राओं में खेलों के प्रति उत्साह, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संचार होता है, साथ ही छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की। बैडमिंटन में छात्राओं में प्रथम कु. क्षमा पुरनकर एवं द्वितीय कु. मारिया सिद्धकी ने प्राप्त किया व पुरुष प्राध्यापकों में प्रथम श्री अनिल महोबे एवं द्वितीय स्थान श्री स्नेहांशु सिंह ने प्राप्त किया। महिला प्राध्यापकों में प्रथम कु. अदिति पटेल एवं द्वितीय कु. रश्मि चौरे ने प्राप्त किया। छात्राओं में टेबल टेनिस प्रतियोगिता में प्रथम कु. सुहानी बड़कुर एवं द्वितीय स्थान कु. मारिया सिद्दकी ने प्राप्त किया व प्राध्यापकों में प्रथम डॉ. शिरीष परसाई एवं द्वितीय स्थान डॉ. संजय आर्य ने प्राप्त किया। छात्राओं में शतरंज प्रथम कु. सुहानी बड़कुर एवं द्वितीय स्थान कु. भूमि राठौर ने प्राप्त किया व प्राध्यापकों में प्रथम श्री अनिल महोबे एवं द्वितीय स्थान श्री स्नेहांशु सिंह ने प्राप्त किया। फिटनेस चैलेंज में प्रथम कु. नेहा बामने एवं द्वितीय स्थान कु. मनीषा अहिरवार ने प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ने के संदेश के साथ हुआ। इस अवसर पर समस्त प्राध्यापकगण एवं छात्राएं उपस्थित थी।

