


नर्मदापुरम / 29 अगस्त 2026 को खेल रत्न व पद्म विभूषण सम्मानित, हॉकी खिलाड़ी एवं हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले “मेजर ध्यानचंद” की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन पंडित रामलाल शर्मा कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन नर्मदा पुरम में बडे उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, शारीरिक फिटनेस तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन एवं देश के लिए उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल एवं शारीरिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेल गतिविधियों के दौरान विद्यार्थियों में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, सहयोग, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना देखने को मिली।
कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनका शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। नियमित खेल एवं व्यायाम से व्यक्ति स्वस्थ रहने के साथ-साथ तनावमुक्त एवं सकारात्मक जीवन जी सकता है।
कार्यक्रम में अपने उद्बोधन में महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. प्रिंस जैन ने मेजर ध्यानचंद के जीवन से संबंधित घटनाओं का उल्लेख किया तथा मध्य प्रदेश में हॉकी के इतिहास से विद्यार्थियों को अवगत कराया। उक्त कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ व विद्यार्थियों ने अपनी उपस्थिति सुनिश्चित की।

