
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तहसीलदार माखन नगर सुश्री श्रद्धा गोसावी एवं खाद्य सुरक्षा प्रशासन के खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री भोजराज सिंह धाकड़ के संयुक्त दल द्वारा तहसील माखन नगर स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान बीकानेर मिष्ठान भंडार से मावा रोल, अंजीर बर्फी, गुपचुप, रसगुल्ला, रसमलाई एवं कसाटा मिठाई के नमूने लिए गए। इसी प्रकार नीलांचल होटल एवं रेस्टोरेंट से पनीर, न्यू इंदौरी होटल से मगज लड्डू, गुपचुप, मलाई बर्फी, मिल्कशेक एवं मावा बर्फी तथा गुरुकृपा होटल एवं रेस्टोरेंट से मीठा मावा एवं मिल्क केक के नमूने संग्रहित किए गए।
सभी खाद्य पदार्थों के नमूने परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ही प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा बताया गया कि प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।

