

नर्मदापुरम / खेल दिवस के अवसर पर नर्मदापुरम में खिलाड़ियों के बीच विभिन्न मैत्री मैच एवं मनोरंजक खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क एवं आत्मविश्वास की भावना को बढ़ावा देना रहा। खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न मुकाबलों एवं फन गेम्स में सहभागिता की।
आयोजन में कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा थोटा के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन का विशेष योगदान रहा। जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षक विकास खराड़कर ने खिलाड़ियों से संवाद कर उन्हें खेल में सफलता के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने नियमित अभ्यास, अनुशासन, फिटनेस, सकारात्मक सोच एवं टीम भावना को सफलता की कुंजी बताया। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन एवं मनोरंजन के लिए फन गेम्स भी आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पहला मैत्री मुकाबला अंडर-19 बॉयज एवं NDPM गर्ल्स के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में NDPM गर्ल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6-1 से जीत दर्ज की। NDPM की ओर से टिया ने 2, निशु ने 1, कनक ने 1 तथा आयुषी ने 2 गोल किए। वहीं बॉयज टीम की ओर से भास्कर ने एक गोल किया।
दूसरे मुकाबले में नवोदय अंडर-17 गर्ल्स एवं अंडर-19 गर्ल्स की टीमें आमने-सामने रहीं। अंडर-17 गर्ल्स ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 2-1 से अपने नाम किया। विजेता टीम की ओर से प्रज्ञा एवं श्रेयशी ने एक-एक गोल किया, जबकि अंडर-19 टीम की ओर से परी ने एक गोल दागा।
तीसरे मैत्री मुकाबले में NDPM बॉयज एवं नवोदय अंडर-19 बॉयज के बीच मुकाबला हुआ। NDPM बॉयज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से जीत दर्ज की। टीम की ओर से भानु, शैल एवं अक्षत ने एक-एक गोल किया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में NDPM एवं नवोदय गर्ल्स टीमों के बीच रोमांचक रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित की गई। कड़े मुकाबले के बाद नवोदय गर्ल्स टीम ने जीत हासिल की। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
आयोजन के दौरान हुए मैत्री मुकाबलों एवं फन गेम्स ने खिलाड़ियों में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम ने युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अनुभवी प्रशिक्षकों से खेल की बारीकियां सीखने का अवसर भी प्रदान किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रशिक्षक श्री जय सिंह भदौरिया एवं यूथ कोऑर्डिनेटर महेंद्र पंचानिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा थोटा के मार्गदर्शन तथा जिला खेल अधिकारी विकास खराड़कर सहित प्रशिक्षकों एवं आयोजकों के प्रयासों से खेल दिवस का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

