


नर्मदापुरम / रक्षाबंधन का पावन पर्व जिले के डॉ. ऐनी बेसेंट विशेष विद्यालय एवं आवासीय छात्रावास में बौद्धिक दिव्यांग बच्चों के साथ हर्षोल्लास, प्रेम और आत्मीयता के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कुमारी प्रिय निमिया ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ रक्षाबंधन पर्व की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। बच्चों ने एक-दूसरे की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर प्रेम, सुरक्षा और अपनत्व का संदेश दिया तथा एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात बच्चों एवं उपस्थित अतिथियों को मिठाई खिलाई गई और सभी ने एक साथ बैठकर सहभोज का आनंद लिया।
इस अवसर पर संस्था संचालक श्रीमती आरती दत्ता ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, समानता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। दिव्यांग बच्चों के साथ ऐसे आयोजन उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन में प्रेम और अपनत्व का भाव भरने वाले ऐसे कार्यक्रम उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रक्षासूत्र के इस पावन पर्व ने बच्चों और अतिथियों के बीच स्नेह एवं आत्मीयता के रिश्ते को और अधिक मजबूत किया।
कार्यक्रम में संस्था के समस्त स्टाफ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा सभी ने बच्चों के साथ रक्षाबंधन पर्व की खुशियां साझा कीं।

