
नर्मदापुरम / शहर के सतारस्ता क्षेत्र में स्थानीय उपभोक्ता भंडार के बाजू में स्थित MIK फैशन कपड़े के शोरूम में शुक्रवार रात करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और शोरूम के साथ लगी दो दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। आग लगने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस दल तत्काल मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। कपड़ों का शोरूम होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका के चलते दमकल कर्मियों ने पूरी सतर्कता के साथ मोर्चा संभाला। आग से दुकान में रखा कपड़ा और अन्य सामान जलने से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
उसी लाइन में दोबारा आग से उठे सुरक्षा पर सवाल….
गौरतलब है कि सतारस्ता क्षेत्र की इसी लाइन में इससे पहले भी भीषण आग लग चुकी है, जिसमें लाखों रुपये का नुकसान हुआ था। अब एक बार फिर उसी क्षेत्र में आग लगने की घटना ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में लगातार आग की घटनाएं चिंता का विषय हैं। ऐसे में प्रशासन और संबंधित विभाग को बाजार क्षेत्र में फायर सेफ्टी व्यवस्था, विद्युत वायरिंग तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच कर आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
फिलहाल पुलिस और दमकल अमला आग बुझाने में जुटा हुआ है तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

