
नर्मदापुरम / कलेक्टर नर्मदापुरम श्री सोमेश मिश्रा के निर्देश पर जिले में पेट्रोल पम्पों की सघन जांच अभियान जारी है। इसी क्रम में तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट माखननगर, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी माखननगर की संयुक्त टीम द्वारा जयंती पेट्रोल पम्प, बम्होरी कलां, तहसील माखननगर (नर्मदापुरम ग्रामीण) का औचक निरीक्षण किया गया।
जांच दल द्वारा मौके पर पेट्रोल पंप के स्टॉक का मिलान, वाटर पेस्ट से पानी की जांच, 5 लीटर के कैलिब्रेटेड जार से माप की जांच तथा पेट्रोल एवं डीजल की डेनसिटी की जांच की गई।
जांच के दौरान डीजल की डिस्पेंसिंग यूनिट का नोजल 2 बंद पाया गया। इस संबंध में पंप के प्रोवराइटर श्री रामबाबू अग्रवाल द्वारा बताया गया कि नोजल 2 की 14 अगस्त 2026 से कोई डिलेवरी एवं टेस्टिंग नहीं की गई है। जबकि नियमानुसार पंप संचालक को प्रतिदिन अपने सभी नोजलों की टेस्टिंग करना अनिवार्य है।
जांच में डीएसएसआर रजिस्टर में भी जानकारी अद्यतन नहीं पाई गई। संदेह होने पर दल द्वारा नोजल 2 की 5 लीटर कैलिब्रेटेड जार से जांच की गई। पहली बार मशीन में 5 लीटर सेट करने पर जार में 5 लीटर से कम डीजल प्राप्त हुआ। इस कारण प्रक्रिया दोबारा दोहराई गई, जिसमें क्रमशः 5.01 लीटर और 5.02 लीटर डिलेवरी प्रदर्शित हुई।
माप में स्पष्ट गड़बड़ी पाए जाने पर मौके पर ही तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट माखननगर द्वारा डीजल डिस्पेंसिंग यूनिट के नोजल नंबर 2 को सील करने की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

