ग्वालटोली चौराहा के आसपास जमकर चल रहा अवैध सट्टा, शराब कारोबार, एसपी को सौंपा ज्ञापन
दयाराम फौजदार नर्मदापुरम।
शहर के कोठी बाजार स्थित सब्जी मंडी में कथित तौर पर सट्टे का बड़ा कारोबार खुलेआम चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंडी क्षेत्र में सटोरिए बेखौफ होकर टेबल-कुर्सी लगाकर सट्टा लिख रहे हैं। इस संबंध में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई थी । लेकिन अब तक इस पर कार्रवाई नहीं हुई है। गंभीर आरोप यह है कि इस पूरे खेल में एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका बताई जा रही है, जिसके खिलाफ पूर्व में कार्रवाई हो चुकी है और जिसे जिला बदर किया जा चुका है। स्थानीय लोगों के अनुसार मंडी क्षेत्र में छोटे स्तर पर सट्टा लिखने वालों पर तो पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती रही है, लेकिन कथित तौर पर बड़े स्तर पर नेटवर्क संचालित करने वाले लोगों तक कार्रवाई नहीं पहुंच पा रही है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले को गंभीर इसलिए माना जा रहा है क्योंकि जिस व्यक्ति पर बड़े स्तर पर सट्टा कारोबार संचालित करने का आरोप लगाया जा रहा है, उसके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों को लेकर कार्रवाई होने और जिला बदर किए जाने की बात सामने आ रही है। यदि जिला बदर आदेश प्रभावी होने के बावजूद संबंधित व्यक्ति शहर में मौजूद होकर किसी अवैध गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, तो यह अपने आप में गंभीर विषय है और प्रशासन-पुलिस को पूरे मामले की जांच करनी चाहिए।
ग्वालटोली में सट्टा और शराब को लेकर
पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
वहीं इधर शहर के ग्वालटोली चौराहा के आसपास अवैध रूप से सट्टा लिखा रहा है एवं अवैध शराब की बिक्री हो रही है। इसके कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा ग्वालटोली शासकीय स्कूल के सामने चौराहे पर लगा रहता है। इसी मुख्य मार्ग से स्कूली बच्चें और महिलाओं का आना जाना रहता है जिसमें सभी को असुविधा होती है। इसको लेकर अखिल भारतीय ग्वाल महासभा ने मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा को ज्ञापन सौंप कर जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है। महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि इस क्षेत्र में चल रहे अवैध सट्टे और शराब की अवैध बिक्री पर रोक लगाई जाए। अब सट्टा और शराब से क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा है।
