दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में यात्रियों के कीमती सामान पर हाथ साफ करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ जीआरपी इटारसी ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बिहार के रहने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 3,05,000 रुपये मूल्य के 11 चोरी के स्मार्टफोन बरामद किए हैं। ट्रेन में चोरी की शिकायत पर हुई कार्रवाई
मामले के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को झेलम एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 11078) के जनरल कोच में जम्मू से पुणे की यात्रा कर रहे राजेश कुमार का iQOO मोबाइल चोरी हो गया था। फरियादी की शिकायत पर जीआरपी थाना इटारसी में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतू सिंह डावर एवं डीएसपी महेंद्र सिंह कुल्हारा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजय चौकसे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से घेराबंदी विशेष टीम ने स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। 26 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन इटारसी के मोटरसाइकिल पार्किंग स्टैंड के पास से दो संदिग्ध युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों का विवरण सुहेब अहमद , पिता सगीर मिया, निवासी: बड़गांव, पोस्ट नोड़िहा झुराड़ा, थाना फतेहपुर, जिला गया (बिहार)। मोहम्मद तारिक जमील, पिता मोहम्मद समीम मिया, निवासी: बड़गांव, पोस्ट नोड़िहा झुराड़ा, थाना फतेहपुर, जिला गया (बिहार)। आरोपी तारिक का पूर्व में जीआरपी ग्वालियर में चोरी एवं आर्म्स एक्ट का आपराधिक रिकॉर्ड भी दर्ज है।
वारदात का तरीका
आरोपी प्लेटफॉर्म और चलती ट्रेनों में सो रहे यात्रियों, विशेषकर खिड़की के पास बैठी महिला यात्रियों की रेकी करते थे। देर रात जब यात्री गहरी नींद में होते या स्टेशन आने पर सामान संभालने में व्यस्त होते, तब ये कीमती मोबाइल पार कर भीड़ या अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो जाते थे। बरामदगी एवं कानूनी कार्रवाई आरोपियों के पास से कुल 11 मोबाइल फोन जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत 3,05,000 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर केंद्रीय जेल नर्मदापुरम भेज दिया गया है। उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।

