
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / नगर में लंबे समय से जर्जर स्थिति में पहुंच चुके आईटी सेंटर के पुनर्निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। नगरपालिका परिषद सिवनी मालवा द्वारा आईटी सेंटर के पुनर्निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके तहत आधुनिक आईटी सेंटर के साथ लाइब्रेरी और आजीविका हॉल का भी निर्माण किया जाएगा। इससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं और आमजन को अध्ययन, आईटी सेक्टर तथा आजीविका से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
नगरपालिका अध्यक्ष रितेश जैन के जनहित में लगातार किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों के क्रम में आईटी सेंटर का पुनर्निर्माण भी महत्वपूर्ण पहल है। नगरपालिका अध्यक्ष द्वारा नगरवासियों की सुविधाओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में जर्जर हो चुके आईटी सेंटर के पुनर्निर्माण की शुरुआत से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ाया गया है।
पुनर्निर्माण कार्य की शुरुआत के बाद एसडीएम विजय राय और नगरपालिका अध्यक्ष रितेश जैन ने मौके पर पहुंचकर निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान तहसीलदार नितिन झोड़, थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर, नगरपालिका अधिकारी अमर सिंह उइके सहित राजस्व एवं नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। नगरपालिका एवं संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता के साथ कराने तथा कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों और विद्यार्थियों को इन सुविधाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।
पुनर्निर्माण के बाद आईटी सेंटर में आधुनिक सुविधाओं के साथ लाइब्रेरी और आजीविका हॉल भी उपलब्ध होगा। इससे विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर स्थान मिलने के साथ युवाओं एवं क्षेत्रवासियों को आईटी तथा आजीविका से संबंधित गतिविधियों के लिए भी सुविधा मिल सकेगी। जर्जर भवन के स्थान पर सुविधायुक्त परिसर तैयार होने से क्षेत्र में शैक्षणिक एवं रोजगारपरक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

