
नर्मदापुरम / आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा प्रशासन के संयुक्त दल द्वारा शनिवार को शहर के विभिन्न मिष्ठान्न विनिर्माण केंद्रों का निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा विभिन्न मिष्ठान्नों के कुल 06 नमूने लिए गए।
संयुक्त दल द्वारा डमरू वाला स्वीट कारखाने से छेना रसगुल्ला एवं बादाम बर्फी के नमूने लिए गए। इसी प्रकार राजस्थान मिष्ठान्न, इंदिरा चौक के साकेत नगर स्थित कारखाने से डोडा बर्फी एवं बंगाली मिठाई तथा न्यू राजस्थान मिष्ठान्न, चक्कर रोड से चिरौंजी मावा बर्फी एवं मावा केसर कतली के नमूने लिए गए।
सभी 06 नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त दल द्वारा संबंधित मिष्ठान्न विनिर्माण प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण के दौरान आवश्यक स्वच्छता मानकों का पालन करने तथा परिसर में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जांच कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सुनील शर्मा के साथ खाद्य सुरक्षा प्रशासन के खाद्य सुरक्षा अधिकारी भोजराज सिंह धाकड़ एवं जितेंद्र सिंह राणा उपस्थित रहे। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की जांच कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

