
नर्मदापुरम / सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजयपाल सिंह गिरिराज ने अब नर्मदापुरम में भी जनता से सीधे संवाद के लिए अपना नया कार्यालय खोल दिया है। इस कार्यालय को उन्होंने ‘लोक तीर्थ कार्यालय’ नाम दिया है। यहां विधायक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से आमजन की समस्याएं सुनेंगे और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा करेंगे।
विजयपाल सिंह पिछले करीब 15 वर्षों से सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं। ऐसे में नर्मदापुरम शहर में अचानक जनता दरबार के रूप में कार्यालय खोलना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। इसे महज जनसेवा का विस्तार माना जाए या आने वाले विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात पर एक नई चाल—इसको लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
खास बात यह है कि पिछले विधानसभा चुनाव में विजयपाल सिंह ने सोहागपुर सीट पर बेहद कम अंतर से जीत दर्ज की थी। इसके बाद अब नर्मदापुरम विधानसभा क्षेत्र में उनकी बढ़ती सक्रियता को लेकर सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। राजनीतिक जानकारों के बीच यह चर्चा भी है कि क्या ‘लोक तीर्थ’ के जरिए विधायक विजयपाल सिंह नर्मदापुरम की जनता के बीच अपनी नई राजनीतिक जमीन तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं?
गुरुवार को ‘लोक तीर्थ कार्यालय’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा, सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजयपाल सिंह ठाकुर, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
नाम ‘लोक तीर्थ’, नजर कहीं और ?…
विधायक ने कार्यालय का नाम भले ही ‘लोक तीर्थ’ रखा हो, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसकी व्याख्या अपने-अपने हिसाब से हो रही है।

