



नर्मदापुरम / स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल के प्री-प्राइमरी विंग में 18 से 21 अगस्त 2026 तक आयोजित ‘कलर वीक’ ने विद्यालय परिसर को रंगों और उमंगों से सराबोर कर दिया। नर्सरी से यूकेजी तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने खेल-खेल में रंगों की दुनिया को जाना, समझा और अपनी रचनात्मकता के रंगों से उसे और भी खूबसूरत बना दिया।
कलर वीक के दौरान विद्यालय परिसर गुलाबी, आकाशी नीले, पीले, नारंगी, लाल और हरे रंगों की मनमोहक छटा से सजा नजर आया। बच्चे अपने निर्धारित रंग की आकर्षक वेशभूषा पहनकर विद्यालय पहुँचे और रंगों से संबंधित सुंदर प्रॉप्स के साथ गतिविधियों में उत्साहपूर्वक शामिल हुए। रंग-बिरंगे गुब्बारों, चार्ट्स और आकर्षक सजावट ने पूरे वातावरण को जीवंत और उल्लासपूर्ण बना दिया।
यूकेजी के विद्यार्थियों ने गुलाबी और आकाशी नीले रंग को केंद्र में रखकर विशेष प्रार्थना सभा का संचालन किया। नन्हे बच्चों ने रंगों से संबंधित सुंदर कविताएँ प्रस्तुत कीं तथा छोटे-छोटे भाषणों के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति क्षमता और आत्मविश्वास का शानदार परिचय दिया। उनकी मासूम और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
एलकेजी के बच्चों ने पीले और नारंगी रंगों के साथ विभिन्न रोचक एवं मनोरंजक गतिविधियों में भाग लिया। ‘बैलून रेल’ गतिविधि बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। रंग-बिरंगे गुब्बारों के साथ खेलते हुए बच्चों ने आनंद के साथ-साथ टीम भावना, सहयोग और आपसी समन्वय का भी परिचय दिया।
वहीं नर्सरी के नन्हे-मुन्नों ने लाल और हरे रंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता का सुंदर प्रदर्शन किया। ‘ग्रीन ट्री पर एप्पल लगाना’, ‘कुर्सी दौड़’ और ‘वॉटरमेलन पेस्टिंग’ जैसी गतिविधियों में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने फलों एवं सब्जियों की पहचान करने के साथ-साथ रंगों को भी सहज और मनोरंजक ढंग से समझा।
कलर वीक की सबसे खास बात यह रही कि बच्चों ने प्रत्येक गतिविधि को केवल एक कार्य के रूप में नहीं, बल्कि पूरे उत्साह और आनंद के साथ जिया। कहीं नन्हे कदम रंगों की कविताओं के साथ थिरक रहे थे, कहीं रंग-बिरंगे गुब्बारों के साथ खुशियाँ उड़ान भर रही थीं, तो कहीं नन्हे हाथ अपनी कलाकृतियों में कल्पनाओं के सुंदर रंग भर रहे थे। पूरा सप्ताह बच्चों के लिए सीखने, खेलने, रचनात्मकता दिखाने और आत्मविश्वास के साथ स्वयं को अभिव्यक्त करने का एक यादगार अनुभव बन गया।
डायरेक्टर डॉ. आशीष चटर्जी ने कहा कि, “कलर वीक जैसी गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। रंगों की पहचान के साथ-साथ ऐसी गतिविधियों से बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सहभागिता, सहयोग और सामाजिक कौशल का विकास होता है। खेल-खेल में सीखने की यह प्रक्रिया शिक्षा को बच्चों के लिए अधिक आनंददायक और प्रभावी बनाती है।”
कार्यक्रम को सफल एवं आकर्षक बनाने में दीप्ति पलिया, प्रियंका यादव,मंगला केवट, अमिता यदुवंशी एवं रेखा कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी ने सभी शिक्षकों एवं नन्हे प्रतिभागियों के उत्साहपूर्ण प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल में सजा यह रंगों भरा उत्सव नन्हे-मुन्नों की स्मृतियों में लंबे समय तक एक खूबसूरत और रंगीन अनुभव के रूप में बना रहेगा।

