
नर्मदापुरम / कलेक्टर नर्मदापुरम सोमेश मिश्रा के निर्देशन में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत बुधवार को सिवनी मालवा तहसील कार्यालय के जनपद सभागृह में विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का नेतृत्व एसडीएम विजय राय एवं तहसीलदार नितिन झोड़ ने किया। शिविर में सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतें, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित आवेदन और पीएम-किसान एवं सीएम-किसान योजना से संबंधित तकनीकी त्रुटियों वाली शिकायतों की सुनवाई की गई।
अधिकारियों ने मौके पर ही समस्याओं को सुनकर 25 शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण कर उन्हें बंद कराया। शेष लंबित मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।
शिकायतों के त्वरित समाधान पर शिकायतकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रशासन का आभार माना और मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की सराहना की। सभी शिकायतकर्ताओं ने स्वेच्छा से अपनी शिकायतें संतुष्टि के साथ बंद करवाईं।
शिविर को सफल बनाने में क्षेत्र के सभी हल्का पटवारी, राजस्व निरीक्षक, नायब तहसीलदार, तहसील कार्यालय के कर्मचारी एवं तकनीकी स्टाफ सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

