
नर्मदापुरम / स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आलाप संगीत विद्यालय, नर्मदापुरम में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत विशेष संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने एवं युवा विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने ऐ मेरे वतन के लोगों, कर चले हम फ़िदा, संदेशे आते हैं, ये देश है वीर जवानों का सहित अनेक देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। बच्चों की सुरीली आवाज़ और उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. अखिलेश खंडेलवाल, मनीष परदेशी एवं आशीष गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व और देश के प्रति अपने प्रेम को सुरों के माध्यम से व्यक्त किया।
विशेष प्रस्तुति शिवांजने, शिवांश, नितिन बौरासी, रत्नेश शर्मा, लक्ष्य मिश्रा, रक्षा कहार, रेखा दायमा, संगीता चौहान, देवेन्द्र चौहान, शीतल श्रीवास्तव, स्वाति मालवीय, रत्नेश शर्मा, सेवाराम मालवीय, हेमंत साहू, प्रतिमा प्रकाश करकरे ने अपनी शानदार प्रतुति दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
आलाप संगीत विद्यालय के संचालक डॉ. कमल झा ने कहा कि संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, संस्कृति और देशप्रेम की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।

