
नर्मदापुरम / स्थानीय 17 रास्ते पेट्रोल पंप के समीप पीली गुमटी व्यापारी संघ क्षेत्र में आग लगने की एक दुखद घटना में 10 दुकानें आग की चपेट में आ गईं, जिससे व्यापारियों का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पीड़ित व्यापारियों से उनकी दुकानों पर जाकर मुलाकात की। उन्होंने भावुक हुए व्यापारियों को गले लगाकर ढांढस बंधाया, उनके आंसू पोंछे और यह भरोसा दिलाया कि इस संकट की घड़ी में वे उनके साथ हैं तथा हरसंभव मदद की जाएगी।
विधायक जी ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर ही नगर पालिका अध्यक्ष, एसडीएम, तहसीलदार और विद्युत विभाग के अधिकारियों को तलब किया और पीड़ितों को शीघ्र राहत एवं सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने अपनी विधायक निधि से भी प्रभावितों को सहयोग करने की घोषणा की है।
पीली गुमटी व्यापारी संघ के अध्यक्ष धर्मेंद्र संकत ने बताया कि विधायक जी का व्यापारियों के साथ हमेशा से गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने हमेशा व्यापारियों की पीड़ा को समझा है और पीली गुमटी संघ को पूर्व में भी उनकी ओर से हर प्रकार की मदद प्राप्त हुई है।
व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष महेंद्र चौकसे ने भी पीड़ित व्यापारियों के प्रति एकजुटता दिखाते हुए कहा कि, “महासंघ पीड़ित व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ा है और संगठन की ओर से जो भी सहयोग बन पड़ेगा, वह अवश्य किया जाएगा।”

