
नर्मदापुरम / मध्यप्रदेश शिक्षक संघ जिला नर्मदापुरम एवं संभाग नर्मदापुरम की संयुक्त बैठक अनन्या ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित की गई। बैठक में प्रांतीय संगठन मंत्री एवं नर्मदापुरम संभाग प्रभारी राजीव शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि संभागीय अध्यक्ष के.के. मालवीय ने अध्यक्षता की। बैठक का आयोजन जिला अध्यक्ष श्री मालकजी पटेल द्वारा किया गया।
बैठक का शुभारंभ जिला सचिव अजीत सिंह भदौरिया ने किया। तत्पश्चात सरस्वती पूजन एवं वंदना कार्यक्रम संपन्न हुआ। बैठक में वार्षिक सदस्यता अभियान, गुरु वंदन, गुरुछाया, सेवानिवृत्त पदाधिकारियों का सम्मान तथा संगठन की अवधारणा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संभागीय सह संगठन मंत्री (अतिरिक्त प्रभार) एवं जिला संगठन मंत्री नवीन पटेल ने संगठन की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मध्यप्रदेश शिक्षक संघ शासन से मान्यता प्राप्त संगठन है तथा यह शिक्षकों के विश्व के सबसे बड़े संगठन अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का आनुषंगिक संगठन है। उन्होंने बताया कि संगठन प्राथमिक शिक्षा से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक के शासकीय एवं अशासकीय शिक्षकों का प्रतिनिधित्व करता है।
मुख्य अतिथि राजीव शर्मा ने गुरुछाया एवं गुरु वंदन कार्यक्रम की महत्ता पर विचार व्यक्त करते हुए वृक्षारोपण एवं गुरु आतिथ्य के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि गुरु के प्रति सम्मान और पर्यावरण संरक्षण दोनों ही समाज निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं।
संभागीय अध्यक्ष के.के. मालवीय ने संगठन की विश्वसनीयता शिक्षकों के बीच और अधिक मजबूत एवं स्थापित करने पर जोर दिया। वहीं जिला अध्यक्ष श्री मालकजी पटेल ने जिले में संचालित संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि वार्षिक सदस्यता अभियान संगठन की रीढ़ है और इसे प्रत्येक विकासखंड तक प्रभावी रूप से पहुंचाना सभी पदाधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
प्रांतीय महिला प्रकोष्ठ प्रमुख श्रीमती भागवती सिंह ने हरदा जिले में सदस्यता अभियान को गति देने पर जोर दिया। संभागीय सचिव पुरुषोत्तम दुबे ने प्रांतीय संगठन मंत्री एवं संभाग प्रभारी राजीव शर्मा का ध्यान संभाग के विभिन्न विकासखंडों के दौरे की ओर आकर्षित करते हुए आग्रह किया कि विकासखंड स्तर पर राष्ट्रहित, शिक्षाहित, छात्रहित एवं शिक्षकहित में शिक्षक संघ के उद्देश्यों और विचारों को प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए।
बैठक में मातृशक्ति के रूप में जिला उपाध्यक्ष श्रीमती अनंता चौबे सहित अन्य मातृशक्ति पदाधिकारी उपस्थित रहीं। साथ ही राजेश चौधरी, लखन सिंह राजपूत, यू.के. देवान, सेवकराम इवने, समदर्शी सोनी, प्रफुल्ल सैनी, रविशंकर कुमरे, ललित सोनी, मनोज चतुर्वेदी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महिला सम्माननीय शिक्षण अधिकारियों एवं पदाधिकारियों में श्रीमती अनंता चौबे, श्रीमती हेमपुष्पा चिचाम, श्रीमती राजकुमारी धुर्वे, श्रीमती उर्मिला परते, श्रीमती ज्योति धानक सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहीं।
बैठक में संगठन को अधिक सक्रिय, प्रभावी एवं व्यापक बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा राष्ट्रहित, शिक्षाहित, छात्रहित एवं शिक्षकहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

