
नर्मदापुरम / पिपरिया / नगरपालिका परिषद पिपरिया के द्वारा स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ध्वजारोहण के उपरांत इस वित्त वर्ष अप्रेल 2026 से अगस्त 2026 तक पांच महीने की अवधि में रिकॉर्ड राजस्व वसूली करने के लिए नपा कर्मचारियों को प्रमाण पत्र और प्रतीकात्मक नगद धनराशि देकर पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। नपा कार्यालय में प्रातः 7.30 बजे नपाध्यक्ष श्रीमती नीना नागपाल ने सीएमओ सतीश मालवीय सहित पार्षदों, कर्मचारियों की विशेष उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। स्कूली बच्चों ने जन गण मन, झंडागीत और वंदे मातरम् गीत का सामूहिक गायन किया। अतिथियों एवं सभी ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प एवं मालाएं चढ़ाकर आजादी के नाम अनाम शहीद महापुरुषों को याद किया।नपाध्यक्ष श्रीमती नीना नागपाल ने इस मौके पर पन्द्रह अगस्त के पावन पर्व की बधाइयां देते हुए अपने कार्यकाल में विकास की बात कही। उन्होंने पार्षदों और नागरिकों के मिले सहयोग पर सब्का धन्यवाद करते हुए स्वतंत्रता दिवस की बधाइयां दी। नपा उपाध्यक्ष संतोष परते ने अपने संबोधन में तिरंगे झंडे का गौरव बताया।कर्मचारियों की ओर से अजाक्स जिलाध्यक्ष रविशंकर वाल्मीक ने कर्मचारियों और परिषद को बधाई शुभकामनाएं देते हुए नपाध्यक्ष एवं सी एम ओ से सफाई कर्मचारियों को दैनिक भोगी से स्थाईकर्मी एवं स्थाईकर्मी से नियमित करने की मांग रखी। सीएमओ सतीश मालवीय ने 80वे स्वतंत्रता दिवस पर कहा कि यह बड़े गर्व एवं गौरव का क्षण है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की बात के साथ सफाई कर्मचारियों से कहा कि तुम अपने आपको अलग और अकेला मत समझो। हम तुम सब एक हैं। आपकी हर समस्या में हम आपके साथ हैं। सीएमओ श्री मालवीय ने कर्मचारियों को नियमित करने का आश्वासन देते हुए पर्व की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर विनियमित स्थायी कर्मी श्री गजेंद्र बेमन को इस वित्त वर्ष अप्रेल 2026 से अगस्त 2026 तक पांच माह की अवधि में 10 लाख 55 हजार की सर्वाधिक रिकॉर्ड वसूली के लिए नपाध्यक्ष श्रीमती नीना नागपाल, नपा उपाध्यक्ष श्रीमती संतोष परते और सीएमओ सतीश मालवीय सहित पार्षदों ने प्रमाण पत्र और नगद राशि प्रदान करके पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। उनके साथ ही इसी उत्कृष्ट कार्य के लिए नपा पिपरिया के सीनियर सहायक राजस्व निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा, सीनियर सहायक राजस्व निरीक्षक संतोष भार्गव, सहायक राजस्व निरीक्षक अरुण सिंह राजपूत मामा, सहायक राजस्व निरीक्षक फरहान खान, विनियमित स्थायी कर्मी मनोज पुरोहित को भी इस वित्त वर्ष अप्रेल 2026 से अगस्त 2026 तक की अवधि में क्रमशः राजस्व वसूली में अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रमाण पत्र और नगद राशि से पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नपा अधिकारी कर्मचारी और स्कूली बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने स्वतंत्रता दिवस की एक दूसरे को शुभकामनाएं प्रदान की और अंत में पारंपरिक रूप से स्वल्पाहार और मिष्ठान्न वितरण किया गया। सम्मान उपरांत सीएमओ सतीश मालवीय ने नपा के पार्क में मोर्छली के पौधे का रोपण किया। जिसमें राजस्व निरीक्षक रूपेश मौर्य सहित स्टाफ ने वृक्षारोपण में सहयोग किया। कार्यक्रम का संचालन मृत्युंजय पाराशर ने तथा आभार प्रदर्शन आर आई रूपेश मौर्य ने किया।

