
नर्मदापुरम / हरियाली तीज के अवसर पर स्थानीय नेहरू पार्क में अखिल भारतीय कायस्थ समाज सहित अन्य समाजों की महिलाओं ने मिलकर पर्व को हर्ष और उल्लास के साथ मनाया। महिलाओं ने सोलह शृंगार कर हरे रंग की साड़ी एवं आकर्षक पारंपरिक परिधान पहनकर हरियाली तीज की खुशियां मनाईं। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को उपहार एवं सुहाग सामग्री भेंट कर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान नेहरू पार्क में सावन के झूलों की भी विशेष व्यवस्था रही। महिलाओं ने उत्साह के साथ सावन के झूले झूले और पारंपरिक गीतों के साथ तीज पर्व का आनंद लिया। हरे परिधानों में सजी महिलाओं और झूलों से पार्क में सावन की हरियाली और उत्सव का माहौल दिखाई दिया।
महिलाओं ने कहा कि हरियाली तीज भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व महिलाओं को एक साथ मिलकर खुशियां मनाने, परंपराओं को आगे बढ़ाने और आपसी स्नेह एवं भाईचारे को मजबूत करने का अवसर देता है। सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं देते हुए पर्व की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर श्रीमती ममता तिवारी, प्रिया श्रीवास्तव, सुमन वर्मा, प्रीति खरे, ऋतु श्रीवास्तव, मंजू वर्मा, मंजूला श्रीवास्तव शीतल श्रीवास्तव, नेहा, संध्या, जानकी, श्रद्धा यदु, सुनीता, आशा राजपूत, अनुजा मालवीय, रितु रघुवंशी, प्रीति सोलंकी सहित अखिल भारतीय कायस्थ समाज एवं अन्य समाजों की अनेक महिलाएं विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

