दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदा पुरम।
शहर में दीपावली त्यौहार के अवसर पर आतिशबाजी और पटाखे के कब्जे और विक्रय के लिए अस्थाई अनुज्ञप्ति प्राप्त करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है।अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी राजीव रंजन पांडे ने बताया कि अस्थाई आतिशबाजी, पटाखे अनुज्ञप्ति के लिए इच्छुक आवेदनकार्ताओं द्वारा ऑनलाइन आवेदन ई-सर्विस पोर्टल http://services.mp.gov.in के माध्यम से आवेदन किए जा सकते हैं। आवेदनकर्ता को आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, पूर्व लाइसेंस , मोबाइल नंबर, आवेदित स्थल का पता प्रस्तुत करना होगा। आवेदन के लिए लाइसेंस के लिए निर्धारित शुल्क 600 रूपये है, जिसका ऑनलाइन भुगतान करना होगा। आवेदक की आयु 21 वर्ष पूर्ण होनी चाहिए। आवेदक को न्यायालय द्वारा आपराधिक मामलों में दोषसिद्ध नहीं होना चाहिए। आवेदक को दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 के अध्याय-8 के तहत परिशांति कायम रखने के लिए बंधपत्र निष्पादित करने का आदेश नहीं होना चाहिए। अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी नर्मदापुरम श्री पांडे ने बताया कि लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया परीक्षण, अनुशंसा उपरांत जिला दण्डाधिकारी, उपखण्ड मजिस्ट्रेट द्वारा ऑनलाइन कार्यवाही 15 दिवस के लिए अस्थाई आतिशबाजी अनुज्ञप्ति डिजिटल हस्ताक्षर से जारी होगी। अस्थाई आतिशबाजी अनुज्ञप्ति हेतु ऑनलाईन आवेदन 10 अक्टूबर तक किया जा सकता है।

