
नर्मदापुरम /कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में मूंग उपार्जन व्यवस्था में किसानों के हितों के संरक्षण के लिए बड़ी कार्रवाई की गई है। शाकंभरी वेयरहाउस पर संचालित मूंग उपार्जन केंद्र में किसानों से अवैध रूप से राशि मांगने एवं वसूली करने के मामले में नेफेड (NAFED) द्वारा नियुक्त कंपनी एनसीएमएल (NCML) के सर्वेयर महेंद्र सिंह ठाकुर, निवासी बालाघाट के विरुद्ध पिपरिया थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
प्राप्त शिकायतों के अनुसार शाकंभरी वेयरहाउस स्थित उपार्जन केंद्र पर मूंग की गुणवत्ता जांच के दौरान संबंधित सर्वेयर द्वारा किसानों से कथित रूप से अवैध राशि की मांग की जा रही थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।
जांच के दौरान शिकायतें सही पाए जाने पर कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित सर्वेयर के विरुद्ध पिपरिया थाने में सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई। प्रशासन द्वारा मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि जिले के किसी भी उपार्जन केंद्र पर किसानों के साथ अन्याय, शोषण, अवैध वसूली अथवा लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मूंग उपार्जन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी तथा किसानों से उनके उपज के बदले किसी भी प्रकार की अवैध राशि मांगने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि उपार्जन कार्य से जुड़े सर्वेयर, अधिकारी या कर्मचारी यदि किसानों से किसी कार्य के बदले अवैध रूप से राशि की मांग करते हैं, तो उनके विरुद्ध शिकायत मिलने पर नियमानुसार तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने जिले के किसान भाइयों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के दबाव, बहकावे अथवा अवैध मांग के आगे न झुकें और किसी को रिश्वत न दें। यदि किसी मूंग उपार्जन केंद्र पर अवैध राशि की मांग की जाती है अथवा उपार्जन प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो किसान तत्काल जिला प्रशासन अथवा संबंधित कंट्रोल रूम पर शिकायत दर्ज कराएं।

