
नर्मदापुरम / शहर के बालागंज क्षेत्र में शनिवार को महिलाओं और बच्चियों की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के विरोध में कुचबंदिया समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
दोपहर करीब 12 बजे समाज के 50 से अधिक महिला एवं पुरुष एकत्र हुए और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित महिलाओं ने एक प्रतीकात्मक पुतले को जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे मोहल्ले में घुमाया और उस पर चप्पलें बरसाकर अपना कड़ा विरोध जताया। इसके बाद पुतले का दहन किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाने का पुलिस बल और देहात थाना प्रभारी ऊषा मरावी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर शांत कराया।
टीआई गौरव सिंह बुंदेला के अनुसार, समाज के प्रतिनिधियों ने संबंधित सोशल मीडिया आईडी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए एक ज्ञापन सौंपा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल के माध्यम से जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान की जा रही है।

